कवि बनने से पहले
मैं चाहता हूं मजदूर बनूंताकि जान सकूं धूप, पसीना,
फटी हुई कमीज़, एक छोटा सा कमरा,
भूख से मुरझाए बच्चो का चेहरा
कवि बनने से पहले
मैं चाहता हूं एक औरत बनना
जो तय करती हैं बेटी से बहू होने का सफ़र
जिसे शादी के लिए interview से गुजरना पड़ता हैं
जिसकी कोख़ से जन्म लेने वाला पुरुष
उसके लिए सीमाओं का निर्माण करता हैं
कवि बनने से पहले
मैं चाहता हूं एक भ्रूण बनूं
जो कभी बेटे की चाहत की जमीन तले तो
कभी शादी का सर्टिफिकेट न होने के कारण
मां की कोख में दफ़न कर दिए जाते हैं।
कवि बनने से पहले
मैं चाहता हूं मैं वो औरत भी बनूं
जिसे तुम रण्डी कहते हों
जो कभी रोजगार तो कभी शादी के झांसे में फंसाकर
बेच दी गई होती हैं
जिनके ख़्वाब क़ैद हैं आंखो के दरिया में
कवि बनने से पहले
मैं चाहता हूं तकलीफ़ और मजबूरी
भरे हर उस किरदार को जी सकूं
ताकि जब मेरे ख़्याल की ज़मीन पर
जब उगे कोई कविता तो
उन सभी किरदारों की
सबसे सशक्त आवाज़ बने।
न की सिर्फ़ स्टेटस बनकर रह जाने
वाली कोई खोखली और
हृदय विहीन कविता।
© विशाल विशु
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें