जब हाथ कापने लगेंगे
लिखें बग़ैर
जब बेचैन ख़्वाब मेरी पलकों
को झुकने नहीं देंगे
मेरी आत्मा जब धिक्करेगी
मेरे इस झूठे किरदार पर
तब मैं विदा लूंगा
जब मेरी सुबह शाम तक
नहीं पहुंच पायेंगी
जब मेरी आंखो में
बेटी, मजदूर, किसान, अनाथों का
दर्द बहने लगेगा तीव्र होकर
तब मैं विदा लूंगा
जब जीना मेरा मृत्यु के समकक्ष
लगने लगेगा
मेरे भीतर दफ़न मुद्दत के सन्नाटे
गूंजेंगे जब एक आवाज़ में
तब मैं विदा लूंगा
अपने उस किरदार से जो दुनियां ने दिया हैं
उस किरदार को निभाने के लिए
जो ईश्वर ने मुझे सौंपा था
जब मैं अपने मिटने की प्रक्रिया में था